राजनगर: प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक मैदान में रविवार को देश करम एकता संघ, राजनगर प्रखंड के तत्वावधान में देश करम महोत्सव 2026 का आयोजन पारंपरिक रीति- रिवाज और उत्साह के साथ किया गया. पूजा- अर्चना, करम गीत, मांदर की थाप और झुमर की प्रस्तुतियों से पूरा मैदान देर रात तक उत्सव के रंग में सराबोर रहा.


महोत्सव की शुरुआत चुका पहाड़ में करम वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद करम डाइर यानी करम की शाखाओं को पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के बीच कार्यक्रम स्थल तक लाया गया. नेग-नेगाचारी और पारंपरिक विधि-विधान के साथ करम डाइर को अखड़ा में स्थापित किया गया. पूजा संपन्न होने के बाद मांदर की थाप पर करम गीतों और नृत्य का दौर शुरू हुआ. इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और देर रात तक पारंपरिक नृत्य का आनंद लिया.

करम पर्व झारखंडी संस्कृति की पहचान: अमोदिनी महतो
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने कहा कि करम पर्व पूर्वजों से मिली अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है. यह झारखंडी संस्कृति और परंपरा की पहचान है. इसे सुरक्षित और संरक्षित रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि करम पूजा के माध्यम से लोग सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं. बदलते दौर में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखने के लिए ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है.

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
महोत्सव के दौरान मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. समाजसेवी हरमोहन महतो ने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और दूसरे विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के विद्यार्थी भविष्य में जेपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे.
इस दौरान हरमोहन महतो ने धर्म कोड लागू करने, कुरमाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा कुड़मी समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की मांग भी उठाई.
झुमर की प्रस्तुतियों पर देर रात तक थिरके दर्शक
कार्यक्रम के दूसरे चरण में झुमर का आयोजन किया गया. जुनून रोसोकिया झुमर ग्रुप तथा रंजित महतो, गोपीपुर, मनोहरपुर की टीम ने एक से बढ़कर एक गीत और झुमर की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे. मांदर और झुमर की धुन से पूरा ब्लॉक मैदान गूंजता रहा.
मौके पर गणेश महाली, दुर्गालाल मुर्मू, जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी, भक्तू मार्डी, मुखिया राजो टुडू, दिलीप महतो, घनश्याम महतो समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

