जामताड़ा: नगर स्थित रजवाड़ी इंडोर स्टेडियम परिसर में झारखंड राज्य वुशु एसोसिएशन के निर्देश पर जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के तत्वावधान में अस्मिता वुशु लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, समाजसेवी तरुण गुप्ता, सेंट एंथोनी स्कूल के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, जिला वुशु एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे एवं डॉ. हृदयानंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.


मुख्य अतिथि आशा गुप्ता ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलता है. उन्होंने कहा कि देश की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं. बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए वुशु जैसे खेलों का प्रशिक्षण भी लेना चाहिए.
समाजसेवी तरुण गुप्ता ने कहा कि जामताड़ा की बेटियां शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं. वुशु में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद है कि जिले की बेटियां राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जामताड़ा का नाम रोशन करेंगी.
जिला वुशु एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के करीब 15 स्कूलों एवं क्लबों से कुल 247 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है. प्रतियोगिता अंडर-11, अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग में आयोजित की जा रही है. खिलाड़ियों के बीच 11 स्वर्ण, 11 रजत और 22 कांस्य पदकों के लिए मुकाबले होंगे.
प्रतियोगिता के सफल संचालन में उपाध्यक्ष महाप्रसाद दत्ता, सचिव राहुल सिंह, सूरज कुमार पासवान, भास्कर चांद, अमित राय, राजकुमार वर्मा, परिणीता सिंह, संजीव सेन, रितु गौराय, शांतनु सेन, विल्सन किस्कू, सोमनाथ दत्ता, आर्ग चटर्जी, मयंक पांडे, सुभदीप सरकार एवं मौसम कुमारी सहित अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

