सरायकेला: 2018 बैच के दारोगा विपुल कुमार ओझा ने रविवार को तिरुलडीह थाना प्रभारी के रूप में प्रभार ग्रहण कर लिया. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने थाना के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से मुलाकात की तथा क्षेत्र की विधि-व्यवस्था और लंबित मामलों की जानकारी ली.


विपुल कुमार ओझा इससे पूर्व राजनगर थाना प्रभारी के रूप में पदस्थापित थे. पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए हालिया फेरबदल के तहत उन्हें तिरुलडीह थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पदभार ग्रहण करने के बाद विपुल कुमार ओझा ने कहा कि क्षेत्र में शांति और विधि- व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ लंबित मामलों के निष्पादन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि थाना पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी बेहिचक पुलिस को दें. पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है.

