सरायकेला: आजसू पार्टी में हरेलाल महतो के इस्तीफे के बाद सरायकेला-खरसावां जिले में संगठनात्मक पुनर्गठन की कवायद शुरू हो गई है. पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर रविवार को सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी के साथ जिले की सभी इकाइयों को भंग करने की घोषणा की गई. आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह जिला मुख्य संयोजक सत्यनारायण महतो उर्फ माकड़ महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी.


सत्यनारायण महतो ने कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के निर्देश पर जिला कमेटी सहित जिले की सभी संगठनात्मक इकाइयों को भंग किया गया है. अब पार्टी का नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पहले निचले स्तर की कमेटियों का गठन होगा. सभी प्रखंडों और इकाइयों में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी और इसके बाद जिला कमेटी तथा जिलाध्यक्ष को लेकर निर्णय लिया जाएगा.
हरेलाल महतो के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा : माकड़ महतो
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने और उनके साथ कई पदाधिकारियों के इस्तीफे के प्रभाव को लेकर सवाल पूछे गए. इस पर सत्यनारायण महतो ने दावा किया कि इससे आजसू पार्टी के संगठन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी में नेताओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन संगठन अपनी विचारधारा और कार्यकर्ताओं के दम पर आगे बढ़ता है. गौरतलब है कि आजसू के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 2019 तथा 2024 में पार्टी के प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो ने 26 सितंबर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके साथ ईचागढ़, कुकड़ू, नीमडीह और चांडिल के प्रखंड अध्यक्षों के भी पार्टी छोड़ने की खबर सामने आई है.
SIR के बीच संगठन के पुनर्गठन पर भी दिया जवाब
एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण समय में जिला कमेटी और अन्य इकाइयों को भंग किए जाने के सवाल पर सत्यनारायण महतो ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें खरसावां विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है, जबकि जिला उपाध्यक्ष दुर्योधन महतो को सरायकेला विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है. संगठन के पुनर्गठन और एसआईआर से संबंधित जिम्मेदारियां समानांतर रूप से निभाई जाएंगी.
पहले प्रखंड और इकाइयां, फिर होगा जिलाध्यक्ष का फैसला
जिलाध्यक्ष के चयन में हो रही देरी के सवाल पर माकड़ महतो ने कहा कि केवल जिलाध्यक्ष घोषित कर देने से संगठन मजबूत नहीं होता. पार्टी पहले जमीनी स्तर पर मजबूत कमेटी तैयार करना चाहती है. सभी प्रखंडों और अन्य इकाइयों का गठन करने के बाद जिला कमेटी बनाई जाएगी और उसके बाद जिलाध्यक्ष की घोषणा होगी. ईचागढ़ में पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल वे जिला मुख्य संयोजक के रूप में केंद्रीय नेतृत्व से मिले निर्देश के अनुसार संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाएंगे.
2029 में ईचागढ़ से चुनाव लड़ने के सवाल पर क्या बोले
वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में आजसू ईचागढ़ सीट पर चुनाव लड़ेगी या गठबंधन के तहत यह सीट भाजपा के खाते में जाएगी, इस सवाल पर सत्यनारायण महतो ने कहा कि आजसू चुनाव लड़ती रही है और पार्टी अपनी तैयारी करेगी. हालांकि सीट बंटवारे से जुड़ा फैसला केंद्रीय नेतृत्व के स्तर का विषय है और इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा. हरेलाल महतो और चार प्रखंड अध्यक्षों के इस्तीफे के तुरंत बाद जिले की सभी कमेटियों को भंग कर नए सिरे से संगठन खड़ा करने की घोषणा से अब सरायकेला-खरसावां में आजसू के अगले संगठनात्मक स्वरूप पर नजर है.
ये रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से पूर्व जिप उपाध्यक्ष सह आजसू के उपाध्यक्ष अशोक साव, आरती सिंह, अंगूर महतो, दीपक वर्मा, संजय जारिका, तपन उरांव आदि मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

