जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के बादलीगढ़ मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 90 हजार रुपये नकद समेत चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. घटना का खुलासा तब हुआ, जब मकान मालकिन मार्शनिका बास्की दो दिन बाद दुमका स्थित अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौटीं. घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. अंदर सामान बिखरा पड़ा था और पलंग पर तकिए के नीचे बैग में रखे 90 हजार रुपये गायब थे.


घटना को लेकर पीड़िता ने मिहिजाम थाने में लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, मार्शनिका बास्की 23 सितंबर की सुबह करीब छह बजे घर में ताला बंद कर दुमका स्थित रिश्तेदार के यहां गयी थीं. दो दिन बाद लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. घर के अंदर जांच करने पर नकदी के अलावा चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी गायब मिले.
जमीन विवाद में धमकी देने का भी आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिये आवेदन में महूलबना गांव निवासी डूंगरू बास्की, हबू बास्की, सुनील बास्की और छोटन मरांडी पर चोरी की घटना में संलिप्तता की आशंका जतायी है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
महिला के अनुसार, जामताड़ा अनुमंडल न्यायालय में उक्त लोगों के साथ बंदोबस्ती जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन से बेदखल करने की नीयत से पूर्व में भी उन्हें धमकी दी गयी थी. इसी विवाद के कारण उन्होंने उक्त लोगों पर चोरी में संलिप्तता की आशंका जतायी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि महिला की ओर से चोरी की लिखित सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. शिकायत में जिन लोगों के नाम दिये गये हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

