जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्रॉस रोड नंबर 20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4 में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. चोरों ने टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास के बंद क्वार्टर को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था.


बताया जा रहा है कि सुब्रतो दास मंगलवार सुबह अपनी ड्यूटी पर चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी शिक्षिका हैं और वह स्कूल गई हुई थीं. दोपहर करीब एक बजे दोनों घर पहुंचे तो पीछे के गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए. घर के अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला. जांच करने पर जेवरात और नकदी गायब मिले.
पीछे का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरों ने घर के पीछे लगे गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. परिवार की ओर से चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है. हालांकि चोरी की वास्तविक राशि और सामान का पूरा आकलन पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा.
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य संभावित सुराग खंगाले जा रहे हैं.
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान और उनके प्रवेश व भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है.

