राजनगर: प्रखंड के बांदु पंचायत के रिचीतुका गांव में पिछले पांच दिनों से जारी बिजली संकट बुधवार को दूर हो गया. खराब ट्रांसफार्मर की जगह नया 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई. पांच दिनों बाद गांव में बिजली लौटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.


जानकारी के अनुसार गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी. इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. बिजली नहीं रहने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, वहीं घरेलू कार्यों और रोजमर्रा की जरूरतों में भी परेशानी बढ़ गई थी.
ग्रामीणों ने बिजली संकट की जानकारी झामुमो नेताओं को दी. इसके बाद झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम और झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू ने मामले में पहल की. संबंधित विभाग से संपर्क कर खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई. बुधवार को गांव में नया 100 केवी का ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई.
बिजली बहाल होते ही ग्रामीणों में खुशी देखी गई. ग्रामीणों ने कहा कि पांच दिनों से अंधेरे में रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई से लेकर दैनिक कामकाज तक प्रभावित हो रहा था. नया ट्रांसफार्मर लगने से बड़ी समस्या का समाधान हुआ है. ग्रामीणों ने विशु हेम्ब्रम और दुर्गालाल मुर्मू की पहल के प्रति आभार जताया.
इस मौके पर दुर्गालाल मुर्मू, युवा मोर्चा के जिला संगठन सचिव संजय हांसदा, कला संस्कृति मोर्चा के जिला संगठन सचिव सिविल देवगाम समेत सीताराम हांसदा, शुक्लाल मुर्मू, सुराई मुर्मू, गोम्हा मुर्मू, ठाकुरा मुर्मू, सूरज तांती, हाजरा तांती, मासंग मार्डी, कृष्णा सोरेन, दासो किस्कू, विकास तांती, जुरा हांसदा और दुलु सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

