जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को विशेष समारोह आयोजित कर वरिष्ठ शिक्षकों को उनके दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया. इस दौरान शिक्षण एवं गैर- शिक्षण कर्मियों ने सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.


कार्यक्रम की शुरुआत कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों और शिक्षकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की.
कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान उसके शिक्षकों की गुणवत्ता, समर्पण और मूल्यों से होती है.
कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षकों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ उनमें रचनात्मकता, नैतिक मूल्य, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने की भी है.
समारोह के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई. कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ शिक्षकों के योगदान का सम्मान करने के साथ शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में गुरु की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया गया.

