जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल के पीछे झाड़ियों में शनिवार को गोह (इंडियन मॉनिटर लिजर्ड) दिखाई देने के बाद लोगों में कौतूहल का माहौल रहा. आकार में बड़ी छिपकली जैसे दिखने वाले इस वन्यजीव को देखकर कुछ लोग सहम गए, हालांकि गोह आमतौर पर इंसानों से दूरी बनाकर रहने वाला जीव है.


बंगाल मॉनिटर के नाम से पहचानी जाने वाली गोह का वैज्ञानिक नाम Varanus bengalensis है. यह जंगलों, खेतों, झाड़ियों और चट्टानी क्षेत्रों के अलावा आबादी के आसपास भी कभी-कभी दिखाई देती है. वयस्क गोह की लंबाई पूंछ सहित करीब एक से डेढ़ मीटर तक हो सकती है. गोह कीड़े- मकोड़े, चूहे, मेंढक, अंडे और छोटे जीवों को अपना भोजन बनाती है. इस कारण पारिस्थितिकी तंत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
आमतौर पर यह इंसानों पर हमला नहीं करती, लेकिन खतरा महसूस होने पर बचाव में काट सकती है या अपनी मजबूत पूंछ का इस्तेमाल कर सकती है. इसलिए इसे पकड़ने अथवा छेड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए. भारत में गोह संरक्षित वन्यजीव है. इसका शिकार, अवैध रूप से पकड़ना या व्यापार करना कानूनन अपराध है. ऐसे में गोह दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखना और जरूरत पड़ने पर वन विभाग को सूचना देना बेहतर है.

