जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र में एक ही रात ज्वेलरी और मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. विशेष अनुसंधान टीम ने झारखंड और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी के चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल होंडा SP 125 बाइक बरामद की गई है. शनिवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी.


पुलिस के अनुसार 3-4 अगस्त की रात बोड़ाम में दीपक स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान की एल्बेस्टस छत तोड़कर चोर अंदर घुसे थे. दुकान से ज्वेलरी और नकदी चोरी करने के साथ CCTV का DVR काटकर ले गए थे. उसी रात बारियादा में देवेन महतो की दुकान में भी इसी तरीके से चोरी की गई. वहां से पुराने-नए मोबाइल, नकदी और DVR चोरी किया गया था. दोनों घटनाओं को लेकर बोड़ाम थाना कांड संख्या 47/2026 और 48/2026 दर्ज किया गया.
CCTV, फिंगरप्रिंट और तकनीकी साक्ष्यों से अपराधियों तक पहुंची पुलिस
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर SSP और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई. टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, फिंगरप्रिंट और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच की कड़ियां पश्चिम बंगाल के पुरुलिया तक पहुंचीं. इसके बाद पुलिस ने अरशा, पुरुलिया मुफस्सिल और बलरामपुर थाना क्षेत्रों के साथ झारखंड के मानगो क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस ने अरशा थाना क्षेत्र से मकबुल अंसारी, पुरुलिया मुफस्सिल क्षेत्र से असलम अंसारी और रहीम अंसारी तथा बलरामपुर थाना क्षेत्र से क्यामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया.
बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से चोरी की चांदी की चेन, बाला, बिछिया, कंगन, पायल, सिक्के सहित बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए गए हैं. इसके अलावा OnePlus, Realme, Redmi और Vivo के मोबाइल फोन भी मिले हैं.
क्यामुद्दीन अंसारी के पास से काले रंग की Honda SP 125 बाइक, रजिस्ट्रेशन नंबर JH09BB-6377 भी बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक इस बाइक का इस्तेमाल वारदात में किया गया था.
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि दोनों चोरी की घटनाओं के अनुसंधान में तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों की अन्य आपराधिक घटनाओं में संभावित संलिप्तता सहित मामले की आगे की कड़ियों की जांच कर रही है.

