जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने मिहिजाम थाना क्षेत्र के चरकापहाड़ी मोड़ के पास छापेमारी कर दो कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.इस बाबत जामताड़ा साइबर डीएसपी अमीत रविदास ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पु०नि० प्रशांत कुमार, पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता और पु०अ०नि० हीरालाल महतो को शामिल कर छापेमारी दल गठित किया गया था. टीम ने सूचना के आधार पर चरकापहाड़ी मोड़ के समीप कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्ताक अंसारी (23), पिता समसुद्दीन मियां, ग्राम शहरपुरा, थाना जामताड़ा तथा मु. आमजाद अंसारी (41), पिता आजाद अंसारी, ग्राम जियाजोरी, थाना मिहिजाम के रूप में हुई है.


फर्जी सिम के जरिए साइबर ठगी का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी मिलकर मोबाइल फोन और दूसरे व्यक्तियों के नाम पर जारी सिम कार्ड को कथित रूप से फर्जी तरीके से प्राप्त कर साइबर ठगी की गतिविधियों में इस्तेमाल करते थे. इसके अलावा, आरोपियों द्वारा कुछ साइबर अपराधियों से गिफ्ट वाउचर आधी कीमत पर खरीदने और उन वाउचर के माध्यम से सामान की खरीदारी करने की बात भी सामने आयी है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का अपराध नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है. मामले में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है.
साइबर थाना में मामला दर्ज
मामले को लेकर साइबर अपराध थाना कांड संख्या 54/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में बीएनएस 2023 की धारा 111(2)(b), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 3(5), आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 66(D) तथा Telecommunications Act 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत कार्रवाई की गयी है. पुलिस साइबर ठगी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

