जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई के मामले में फरार चल रहे आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिमुल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बिरसानगर जोन नंबर-06 स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे दबोचा. आरोपी के विरुद्ध सोनारी, आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को और बिष्टुपुर थानों में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज होने का रिकॉर्ड पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में दिया है.


मामला सोनारी थाना कांड संख्या 60/2026, दिनांक 31 जुलाई 2026 से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव, निवासी ऑर्किड समृद्धि कॉम्प्लेक्स, रामनगर, कदमा ए रोड सोनारी से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान ए रोड सोनारी के पास पल्सर बाइक सवार अपराधकर्मियों ने पीछे से आकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से कदमा की ओर भागने लगे. इसी दौरान हड़बड़ाहट में उनका एक छोटा हथियार सड़क पर गिर गया. इसके बावजूद आरोपी बाइक से फरार हो गए. बाद में उक्त बाइक को JH05CN- 3650 के पास छोड़कर अपराधकर्मी ईस्ट-वेस्ट लिंक रोड, कदमा की ओर भाग निकले.
तीन अपराधियों की संलिप्तता आई सामने
पुलिस अनुसंधान में इस वारदात में कुल तीन अपराधियों की संलिप्तता सामने आई. इनमें पंकज हरपाल और रोहित कर्मकार घटना के समय बाइक पर सवार थे, जबकि रोहित मुर्मू घटनास्थल से कुछ दूरी पर उतरकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. पुलिस के अनुसार पंकज हरपाल और रोहित कर्मकार ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी थी. अनुसंधान के दौरान बाइक का सत्यापन करते हुए पुलिस ने पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर 6 अगस्त 2026 को जेल भेज दिया था. तीसरा आरोपी रोहित कर्मकार फरार चल रहा था.
बिरसानगर में घर पर छापेमारी, लूटी गई चेन बरामद
फरार रोहित कर्मकार की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-06 स्थित उसके घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर इस कांड में छीनी गई सोने की चेन (लॉकेट) एक बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कर्मकार उर्फ सिमुल, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता स्वर्गीय रतन कर्मकार के रूप में हुई है. उसका मूल पता राममड़ैया बस्ती, थाना आदित्यपुर, जिला सरायकेला- खरसावां है, जबकि वर्तमान में वह बिरसानगर जोन नंबर-06, थाना बिरसानगर, जिला पूर्वी सिंहभूम में रह रहा था.
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
सोनारी पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रोहित कर्मकार के विरुद्ध इस मामले सहित कुल सात आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया है. इसमें आदित्यपुर थाना के तीन, बिरसानगर थाना के दो, टेल्को थाना का एक और सोनारी थाना का वर्तमान मामला शामिल है. इनमें छिनतई, चोरी सहित NDPS Act से जुड़ा मामला भी दर्ज है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ आदित्यपुर थाना कांड संख्या 210/25, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/26, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 917/2020, बिरसानगर थाना कांड संख्या 58/24, टेल्को थाना कांड संख्या 51/24, बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 63/23 तथा वर्तमान सोनारी थाना कांड संख्या 60/26 दर्ज है.
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में सोनारी थाना प्रभारी अमृत मुंडूल देव, पुलिस अवर निरीक्षक परेश रत्नाकर, सहायक अवर निरीक्षक संजय सिंह, सहायक अवर निरीक्षक अवधेश पासवान और सहायक अवर निरीक्षक राजकिशोर यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे. इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने सोनारी में हुई चेन छिनतई की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी को भी पकड़ने और छीनी गई सोने की चेन बरामद करने में सफलता हासिल की है.

