पोटका: प्रखंड के रसूनचोपा पंचायत अंतर्गत लोवाडीह गांव में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 में शुक्रवार को खेल का रोमांच देखने को मिला. प्रतियोगिता में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. आयोजन समिति और ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया.


मैदान पहुंचने के बाद विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत है कि उन्हें उचित अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए.

विधायक संजीव सरदार ने खिलाड़ियों से कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास की भावना विकसित करता है. युवाओं को खेल के साथ शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि गांव के छोटे-छोटे मैदानों से ही भविष्य के बड़े खिलाड़ी तैयार होते हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है.

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में खेल के क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है. गांव और पंचायत स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि लोवाडीह जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर पोटका का नाम रोशन करेंगे.
फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर ग्रामीणों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी, खेलप्रेमी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

