आदित्यपुर: श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर निर्माण समिति, श्रीकृष्णनगर आदित्यपुर-2 के तत्वावधान में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव उल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ. इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गुंजायमान रहा.


समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन न्याय की स्थापना और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का मार्ग दिखाता है. उन्होंने कहा कि आज भी समाज और देश को मजबूत बनाने के लिए श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेने की जरूरत है. आदिवासी, दलित सहित समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर ही समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है.
धार्मिक आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोते हैं: अंकुर सिंह
आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजन लोगों को एक सूत्र में पिरोने के साथ आपसी भाईचारा और प्रेम मजबूत करते हैं. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की.
आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया.
राजेश रसिक के गीतों पर झूमे श्रद्धालु
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भोजपुरी गायक राजेश रसिक ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की. स्थानीय कलाकारों ने भी भजन-कीर्तन, नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं. देर तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई.

कार्यक्रम में चंचल गोस्वामी, सिमल सोरेन, पार्षद उतारा प्रधान, रिंकी कुमारी, संगीता सामड, शिक्षाविद सत्यप्रकाश सुधांशु, ई. अजीत कुमार, मंदिर समिति अध्यक्ष एस.एन. यादव, वीरेंद्र यादव, विजय यादव, परमेश्वर प्रधान, सुभाष करवा, उमेश यादव, आर.के. सिंह, देव प्रकाश, राजेश यादव, अश्विनी सिंह, राहुल यादव समेत बड़ी संख्या में आयोजन समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे.
समिति अध्यक्ष एस.एन. यादव ने सफल आयोजन के लिए श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन जारी रखने की बात कही.

