चाईबासा: मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है. टाटानगर- एर्नाकुलम- टाटानगर एक्सप्रेस (18189/18190) के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव का शुभारंभ शनिवार, 5 सितंबर से शुरू होगा.


चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने सिंहभूम सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. सांसद जोबा माझी सुबह करीब 6:45 बजे अप टाटानगर- एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी.
गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी लगातार पत्राचार और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठकों में ट्रेन के मनोहरपुर में ठहराव की मांग उठाती रही थीं. रेल मंत्रालय ने 28 अगस्त को इसके प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी दी थी.
ट्रेन का ठहराव शुरू होने से मनोहरपुर एवं आसपास के यात्रियों को टाटानगर और दक्षिण भारत समेत विभिन्न स्थानों की यात्रा में सुविधा मिलेगी. कार्यक्रम में डीआरएम तरुण हुरिया, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी समेत रेलवे के अधिकारी मौजूद रहेंगे.

