सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जुडियो मॉल के समीप मोबाइल छीनकर बाइक से भाग रहे एक युवक ने सड़क पर चल रहे राहगीर को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद युवक खुद भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर घायल हो गया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया.


मिली जानकारी के अनुसार बाइक संख्या JH05BQ- 8893 पर सवार युवक श्रीडुंगरी के समीप एक व्यक्ति का मोबाइल छीनकर भाग रहा था. इसी दौरान जुडियो मॉल के पास उसने एक राहगीर को टक्कर मार दी और बाइक समेत गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे दबोच लिया.
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक नशे का आदी है और घटना के वक्त भी कथित रूप से नशे की हालत में था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल आदित्यपुर पुलिस युवक से पूछताछ कर मोबाइल छिनतई सहित पूरे मामले की जांच कर रही है.

