आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 स्थित धीराजगंज में गैस एजेंसी का काम शुरू करने वाले एक दंपती के साथ मारपीट और गैस सिलेंडर जबरन ले जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता जोबा हेम्ब्रम ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत देकर छह लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है.


शिकायत के अनुसार 2 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे कार्तिक सरदार, बबलू सरदार, गौतम गोराई, बबलू कालिंदी, मनोज सरदार और महेश महतो कथित रूप से उनके घर पहुंचे और वहां से गैस सिलेंडर ले जाने लगे. आरोप है कि पति विकास चंद्र गुप्ता ने इसका विरोध किया तो उनके साथ लात-घूंसों और लोहे की रॉड से मारपीट की गई. पति को बचाने पहुंची जोबा हेम्ब्रम ने अपने साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है.
“बिना मेयर की परमिशन गैस एजेंसी क्यों लिया” कहने का आरोप
शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया गया है. महिला के मुताबिक घटना के दौरान कार्तिक सरदार और बबलू सरदार कथित तौर पर बार-बार कह रहे थे कि “बिना मेयर की परमिशन लिए गैस एजेंसी क्यों लिया.” महिला ने इस कथित टिप्पणी का उल्लेख अपने आवेदन में किया है. हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और शिकायत में आए इस कथन को लेकर संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आना बाकी है.
पीड़िता ने बताया कि उनके पति ने करीब 4.90 लाख रुपये लगाकर गैस का कारोबार शुरू किया था और घटना वाले दिन ही काम की शुरुआत हुई थी. महिला ने संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपने की बात कहते हुए पूरे मामले की जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है.
फिलहाल आरोप शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए आवेदन पर आधारित हैं. पुलिस जांच और दूसरे पक्ष का बयान सामने आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

