आदित्यपुर: भाटिया बस्ती स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल एवं प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग का 27वां वार्षिकोत्सव सह प्राइज नाइट गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया.


कार्यक्रम का शुभारंम डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने किया. इस मौके पर उन्होंने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के महत्व के बारे में बताया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद मंजू देवी तथा गंगोत्री नर्सिंग होम के जेएन दास मौजूद रहे.
संघर्ष, विश्वास, सेवा और उपलब्धियों का उत्सव
संस्था के निदेशक पंकज प्रसाद ने कहा कि यह आयोजन संस्थान के संघर्ष, विश्वास, सेवा और उपलब्धियों का उत्सव है. उन्होंने बताया कि संस्था वर्ष 1999 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है. वर्ष 2012 में एनआईटी के पूर्व प्राचार्य डॉ. श्रीराम प्रसाद की स्मृति में श्रीराम पब्लिक स्कूल के माध्यम से औपचारिक शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखा गया. इसके बाद वर्ष 2021 में प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग की नींव रखी गई. उन्होंने कहा कि नर्सिंग संस्थान के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें परिवार का सहारा बनने के साथ समाज और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए तैयार किया जा रहा है.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान
वार्षिकोत्सव के दौरान शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया. प्री-प्राइमरी वर्ग से प्रदीप सिंह, आरव महतो, आरव कुमार, सुजाता महतो, कृतिका महतो और मनिनी कर को सम्मान मिला.

प्राइमरी वर्ग से अनु घोष, रिजवाना आरा, विद्यांश लोहार, आयुष सोलंकी, अंजलि दास, अनुष्का लोहार, ललित सांडिल, दिव्या कुमारी, स्नेहा पति और दिव्यांशु महतो सम्मानित हुए. वहीं हाई स्कूल वर्ग से साहिल समर्थ, लक्ष्मी गागराई, सुप्रिया महतो, किशन कुमार मिश्र, पवन कुमार महतो, मुस्कान लोहार, शुभम पति और अंबिका कुमारी को उनके बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग में प्रथम वर्ष की सानिया गोप और पिंकी पात्रा तथा द्वितीय वर्ष की रेशमी कुमारी और जाबा रानी महतो को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने नृत्य, संगीत सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. कई प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक संदेश भी दिया. बच्चों की प्रस्तुतियों का अभिभावकों और अतिथियों ने उत्साहवर्धन किया. समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे.

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या सुषमा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. आयोजन को सफल बनाने में संस्था की सचिव रिंकी प्रसाद, मोहम्मद शमशेर, सविता, नीलम, उषा, सुमित्रा, कंचन, नीतू, दीप्ति, शम्भू, रेशमी, अनुराधा, श्वेता, सलोनी, प्रिया, सोनी, अंजना, वंदना और सपना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या श्रेया झा के साथ गायत्री देवी और बेबी महतो का भी आयोजन में विशेष योगदान रहा.

