जामताड़ा: पश्चिम बंगाल की उपमुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल के देवघर जाने के क्रम में गुरुवार को जामताड़ा के मां चंचला चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया. इस दौरान अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि देवघर जाने के क्रम में जामताड़ा के मां चंचला चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मिले भव्य स्वागत से उनका मन प्रफुल्लित हो गया. पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को लेकर उन्होंने कहा कि हिंदुओं के बलिदान और संघर्ष के कारण ही भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है. उन्होंने दावा किया कि दुर्गापूजा में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी और इस बार पूरे बंगाल में दुर्गापूजा भव्य एवं धूमधाम से मनायी जाएगी.नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है और उपमुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल महत्वपूर्ण मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. उनके पहली बार जामताड़ा आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा. उन्होंने कहा कि मां चंचला चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ उनका स्वागत किया और सम्मानित किया.


भाजपा जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि अग्निमित्रा पॉल के पहली बार जामताड़ा पहुंचने पर उनका स्वागत करने का अवसर मिलना कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का विषय है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद अब जीत का रथ झारखंड की ओर भी बढ़ेगा.मौके पर जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री आभा आर्या, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे, चंदन राउत, प्रवीण आनंद मिश्रा, नगर महामंत्री लखिन्द्र सिंह, नगर मंत्री ब्रजेश राउत समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

