चांडिल :सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया स्थित जेवियर स्कूल के समीप रहने वाले 30 वर्षीय शिवाजी गोप उर्फ नायडू, पिता संजय गोप के रूप में हुई है.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शिवाजी गोप उर्फ नायडू एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस को उसकी तलाश थी. इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ जमशेदपुर के मानगो थाना और गोविंदपुर थाना के अलावा चांडिल थाना तथा कपाली ओपी क्षेत्र में भी मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है. उसके खिलाफ करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है, जिनमें एनडीपीएस से जुड़े मामले भी शामिल हैं.
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है. कपाली ओपी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस सक्रिय है.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. न्यायालय के आदेश के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, टाइगर मोबाइल के जवान समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर चर्चा है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

