आसनसोल: प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट टीम को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की है. इस मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी अर्टिगा कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.


पुलिस के अनुसार, बीती रात खुफिया सूत्रों से सूचना मिली थी कि आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के लालगंज-जुबिली रोड स्थित राय मैदान की ओर एक वाहन से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ पहुंचाया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की विशेष टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए घेराबंदी की.
इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में एक अर्टिगा कार वहां पहुंची. पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया. वाहन की तलाशी के दौरान कार के अंदर से 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया.
पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कीमत लाखों रुपये में होने का अनुमान है. हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत समेत मामले से जुड़े अन्य विवरण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होंगे. दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आसनसोल में किसे पहुंचाया जाना था. पुलिस इस मामले को बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जोड़कर भी जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तस्करी के पीछे कोई संगठित या अंतरराज्यीय मादक पदार्थ सिंडिकेट सक्रिय है या नहीं.
पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सकेगी.
रिपोर्ट. मनीष बरनवाल

