राजनगर: आसमान से मूसलाधार बारिश, मैदान में पानी और कीचड़, लेकिन न खिलाड़ियों के कदम रुके और न दर्शकों का उत्साह कम हुआ. राजनगर प्रखंड के बान्दु पंचायत अंतर्गत बूढ़ी सिरिंग गांव में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल के जुनून की यादगार तस्वीर पेश कर गया.


एनएसबीसी बूढ़ी सिरिंग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में ओडिशा की विरला गोल्ड सोलाय और संवैय्या ब्रदर की टीम आमने-सामने थी. मुकाबले के बीच तेज बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते मैदान कीचड़ में तब्दील हो गया. इसके बावजूद खिलाड़ियों ने खेल जारी रखा. फिसलन भरे मैदान में गेंद पर नियंत्रण और गोल के लिए संघर्ष ने मुकाबले को और रोमांचक बना दिया.

मैदान के बाहर भी नजारा कम दिलचस्प नहीं था. बड़ी संख्या में दर्शक बारिश के बावजूद अपनी जगह पर डटे रहे. कुछ छाता लेकर तो कई बारिश में भीगते हुए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे.
आखिरकार शानदार प्रदर्शन करते हुए विरला गोल्ड सोलाय ने खिताब पर कब्जा जमाया. विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 45 हजार रुपये नकद पुरस्कार मिला, जबकि उपविजेता संवैय्या ब्रदर को ट्रॉफी एवं 35 हजार रुपये प्रदान किए गए.
कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी की अनुपस्थिति में कृष्णा बास्के एवं कालीपद सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा जिला अध्यक्ष दुर्गलाल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हांसदा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामजीत हांसदा सहित कई लोग मौजूद रहे.
आयोजन को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष सुकलाल पूर्ति, सचिव विकास हेम्ब्रम, कोषाध्यक्ष सूरज मुर्मू सहित एनएसबीसी बूढ़ी सिरिंग के सदस्यों और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही.
दो दिनों के इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण केवल जीत-हार नहीं, बल्कि बारिश के सामने खिलाड़ियों और दर्शकों का नहीं झुकने वाला फुटबॉल प्रेम रहा.

