जमशेदपुर: दलमा और उससे सटे सीमावर्ती इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में पुलिस ने एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली असिम मंडल उर्फ आकाश समेत छह वांछित नक्सलियों के नए पोस्टर जारी किए हैं. ग्रामीण क्षेत्रों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाकर लोगों से इनके संबंध में सूचना देने की अपील की जा रही है.


पटमदा डीएसपी नित्यानंद ने बताया कि जारी पोस्टर में छह वांछित नक्सलियों की तस्वीर, नाम और उन पर घोषित इनाम की राशि का उल्लेख किया गया है. इनमें असिम मंडल उर्फ आकाश पर एक करोड़, राम प्रसाद उर्फ सचिन पर 15 लाख, मीता पर 10 लाख, मंगल सिंह सरदार पर 5 लाख, मालती मुर्मू पर 2 लाख और बुलू महतो पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है.

पुलिस की ओर से एमजीएम, पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला सहित दलमा से जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं. ग्रामीणों से कहा गया है कि इन नक्सलियों की गतिविधियों अथवा ठिकानों के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने और उपयोगी सूचना पर घोषित इनाम देने की बात कही है.

इधर दलमा और आसपास के जंगलों में पुलिस एवं कोबरा बटालियन का संयुक्त सर्च ऑपरेशन भी लगातार जारी है. मदन महतो की गिरफ्तारी के बाद असिम मंडल और उसके दस्ते की गतिविधियों को लेकर पुलिस को कोई ठोस सूचना नहीं मिलने की बात सामने आई है. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस संभावना को ध्यान में रखकर अभियान चला रही हैं कि असिम मंडल अपने सहयोगियों के साथ दलमा अथवा आसपास के सीमावर्ती जंगलों में मौजूद हो सकता है.

पुलिस अब ग्रामीण नेटवर्क और जमीनी सूचनाओं के सहारे दस्ते की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है. साथ ही सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाकर संभावित आवाजाही पर नजर रखी जा रही है.

