चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ स्थित राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की थीम “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” रही. आयोजन में उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.


कार्यक्रम के तहत सोनुआ प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विशाल साइकिल रैली निकाली. रैली के माध्यम से खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति लोगों को जागरूक किया गया. विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ खेल और स्वास्थ्य से जुड़े नारे लगाए.

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के लिए पुश-अप, स्किपिंग, प्लैंक चैलेंज, पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन सहित विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. “खेल से स्वास्थ्य” विषय पर स्लोगन लेखन और निबंध प्रतियोगिता भी कराई गई.
सांकेतिक एवं पारंपरिक खेल प्रदर्शन के तहत योग, मास पी.टी., मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी का प्रदर्शन किया गया. इसके अलावा फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और दौड़ प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.
छात्र-शिक्षक मैत्री खेल प्रतियोगिता समारोह का विशेष आकर्षण रही. इसमें रस्साकशी, क्रिकेट, फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर के मुकाबले में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया. समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य राकेश मिश्रा, सुनील आल्दा, खेल शिक्षक विजय बहादुर यादव, तरनी प्रसाद महतो, मनीष दास, सस्मिता प्रधान, रीता रानी प्रधान, नेहा कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट. जयंत प्रमाणिक

