सरायकेला: जिले के आमदा ओपी पुलिस ने घर से हुई चोरी के एक मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए घर में काम करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है.


पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को आमदा ओपी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
जांच के क्रम में पुलिस ने शिकायतकर्ता अरुण मोदी उर्फ मोहित मोदी के घर में काम करने वाली महिला पर संदेह के आधार पर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद महिला की निशानदेही पर गुलगुलिया बस्ती, आमदा में उसके घर के पीछे जमीन में छिपाकर रखे गए चोरी के आभूषण बरामद किए गए. इसके अलावा उसके पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले. गिरफ्तार महिला की पहचान तुम मोदी उर्फ दुर्गा श्री मोदी उर्फ कशिश, उम्र करीब 22 वर्ष, पति अरुण मोदी उर्फ मोहित मोदी, निवासी गुलगुलिया बस्ती, आमदा ओपी क्षेत्र, सरायकेला- खरसावां के रूप में बताई गई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसका पूर्व आपराधिक इतिहास शून्य है.
सोने-चांदी के 19 प्रकार के आभूषण बरामद
पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार बरामद सामान में चांदी की पायल के पांच जोड़े, चांदी के गले के चेन के तीन पीस, बच्चों के हाथ के चांदी के चूड़े के पांच पीस, चांदी की बिछिया के दो जोड़े, चांदी के कमर खोसनी, अंगूठी, ताबीज, कान की बाली, हाथ का कड़ा सहित कई अन्य आभूषण शामिल हैं. इसके अलावा सोने जैसे दिखने वाले कान के झुमके, हाथ के पंजे, कमर खोसनी, अंगूठी, हाथ के कड़े-कंगन और अन्य आभूषण भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में इनमें से कई वस्तुओं को अभियुक्त के बताए अनुसार सिटी गोल्ड बताया है.
पुलिस ने एक VIVO YIVO, एक नीले रंग का VIVO, एक आसमानी रंग का VIVO तथा एक लाइट ग्रीन रंग का ITEL मोबाइल भी सूचीबद्ध किया है. प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है. छापेमारी दल में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक योगेश रजक, सहायक अवर निरीक्षक रोशन राम काशी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अब मामले में बरामद सामान का सत्यापन करने के साथ यह जांच कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी.

