दुमका: नेपाल में हुई घटना को लेकर झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रतिक्रिया दी है. बाबूलाल मरांडी ने भारत और नेपाल के पुराने एवं स्थायी संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले के समाधान के लिए नेपाल और भारत सरकार को चीन सरकार के साथ मिलकर बातचीत करनी चाहिए.


वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नेपाल की घटना को दिल दहला देने वाली और बेहद मर्माहत करने वाली घटना बताया. उन्होंने कहा कि वह स्वयं नेपाल जाकर वहां के हालात का जायजा लेना चाहते हैं. इस संबंध में वह नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री के संपर्क में हैं.
डॉ. अंसारी ने कहा कि रांची पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नेपाल को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे. इसके साथ दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री भेजने की दिशा में भी पहल की जाएगी. नेपाल के दूतावास से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में झारखंड नेपाल के साथ खड़ा है और जरूरत के मुताबिक हरसंभव सहयोग की पहल की जाएगी.

