जमशेदपुर: रक्षाबंधन के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान उनकी पुत्रवधू एवं विधायक पूर्णिमा दास साहू ने भी अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की.


मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने रक्षाबंधन को भाई- बहन के अटूट रिश्ते और प्रेम का प्रतीक बताते हुए देश और राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि इस अवसर पर समाज को नारी शक्ति की सुरक्षा और उसे सशक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए.
इस दौरान रघुवर दास अपनी दिवंगत बड़ी बहन को याद कर भावुक नजर आए. उन्होंने बताया कि आंदोलन के दिनों में पुलिस की छापेमारी के दौरान उनकी बड़ी बहन उनका सहारा बनती थीं और वे उनके यहां जाकर छिपते थे. उन्होंने अपनी मां के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें मां के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, उनका सख्ती से क्रियान्वयन भी जरूरी है. उन्होंने महिलाओं को आर्थिक और राजनीतिक रूप से अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई.
रघुवर दास ने नेपाल में हुई प्राकृतिक आपदा और उसमें जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि भी व्यक्त की. उन्होंने भारत सरकार की ओर से किए जा रहे राहत प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास पर्यावरण के अनुकूल होना चाहिए. प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक शोषण और प्रकृति से छेड़छाड़ भविष्य में गंभीर आपदाओं का कारण बन सकती है.

