सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नवनिर्वाचित नगर पंचायत बोर्ड ने पहल शुरू कर दी है. राइजिंग पाइप से जलापूर्ति शुरू होने के बाद नगरवासियों को पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जगी है. नई व्यवस्था से पानी के दबाव और वितरण व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है.


जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने को लेकर नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, नगर पंचायत के अभियंता, सिटी मैनेजर तथा विभिन्न वार्डों के पार्षद शामिल हुए. बैठक में राइजिंग पाइप से जलापूर्ति, पानी के दबाव, वितरण व्यवस्था और विभिन्न वार्डों में पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक के बाद दुर्गा मंदिर के समीप राइजिंग पाइप से टैपिंग कर तैयार की गई डिलीवरी लाइन के वॉल्व की चाबी नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से घुमाई. इसके साथ ही नई जलापूर्ति व्यवस्था शुरू कर दी गई.
नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन सुबह 6.15 बजे से 7.30 बजे तक तथा शाम 4.15 बजे से 5.30 बजे तक जलापूर्ति की जाएगी. इससे लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता और दबाव में सुधार होने की उम्मीद है.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नवनिर्वाचित बोर्ड की प्राथमिकता नगरवासियों की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान करना है. पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. आने वाले दिनों में जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि नगरवासियों को पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़े.
इस पहल के लिए उपायुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, सभी वार्ड पार्षदों तथा संबंधित संवेदक के प्रति आभार जताया गया.
मौके पर वार्ड पार्षद उत्तम महंती, विक्रम मोदक, अंजली राय, सुषमा तिउ, गौतम नायक, बबीता कमिला, सविता पटनायक, बरुण साहू और शांति गोड़सेरा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

