औरंगाबाद: प्रेम प्रसंग और शादी की तैयारी को लेकर औरंगाबाद सदर अस्पताल परिसर बुधवार को अखाड़े में तब्दील हो गया. तीन बच्चों के पिता और पांच बच्चों की मां के कथित प्रेम संबंध से नाराज युवक के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर प्रेमिका और उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट कर दी. करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को थाना ले गई.


मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर से जुड़ा बताया जा रहा है. परिजनों के अनुसार युवक पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है. आरोप है कि वह पत्नी और बच्चों को छोड़कर पांच बच्चों की मां के साथ शादी करने की तैयारी कर रहा है.
बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर पहले युवक की भी पिटाई हुई थी. घायल युवक कोर्ट से कागजात बनवाने के बाद इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंचा था. इसकी जानकारी उसके परिजनों को मिली तो वे भी अस्पताल पहुंच गए. यहां प्रेमिका के साथ आए लोगों से विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
युवक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसने अपनी कमाई से खरीदे सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र और चेन आदि भी दूसरी महिला को दे दिए हैं. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की. संबंधित लोगों को थाना ले जाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.

