चतरा: चतरा पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. सिमरिया थाना क्षेत्र के काशियातु गांव में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुकेश गंझू को दबोचा. उसके पास से एक अवैध देशी बंदूक और चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.


एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम भाउसाहेब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काशियातु गांव में छापेमारी की. पुलिस को देखकर मुकेश गंझू ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान हथियार और चोरी की बाइक बरामद हुईं.
पुलिस के अनुसार गिरोह रांची से मोटरसाइकिल चोरी कर ग्रामीण क्षेत्रों, मेलों और बिहार तक में कथित तौर पर 10 से 20 हजार रुपये में बेचता था. खरीदार जब वाहन के कागजात और नाम ट्रांसफर की बात करते थे तो आरोपी टालमटोल करते थे.
एसपी ने बताया कि गिरोह से जुड़े रांची और लातेहार के अन्य संदिग्धों की पहचान की गई है. पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही है.
एसपी ने लोगों को सस्ती बाइक के लालच से बचने की चेतावनी देते हुए कहा कि चोरी का वाहन खरीदने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सेकेंड हैंड वाहन खरीदते समय उसके दस्तावेजों की जांच और तत्काल ओनरशिप ट्रांसफर कराने की अपील की.

