जामताड़ा: जिले के खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खेल पर संवाद सीधे सुनने का अवसर मिलेगा. ‘खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम के लिए जिले के जामताड़ा महाविद्यालय और मॉडल कॉलेज, फतेहपुर-नाला का चयन किया गया है. कार्यक्रम को लेकर दोनों संस्थानों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.


मंगलवार को माय भारत जामताड़ा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में जामताड़ा महाविद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी गई. प्रेस कॉन्फ्रेंस में माय भारत जामताड़ा की उपनिदेशक उत्तर विश्वास, एनएसएस की जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. काकुली गोराई, डॉ. मोहम्मद रिजवान और डॉ. रेशमा टोपो मौजूद रहीं.
27 अगस्त को खिलाड़ियों से जुड़ेंगे पीएम मोदी
माय भारत जामताड़ा की उपनिदेशक उत्तर विश्वास ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के खिलाड़ियों से ‘खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जुड़ेंगे. जामताड़ा जिले में इसके लिए दो कॉलेजों का चयन किया गया है.
उन्होंने कहा कि जिले के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जामताड़ा का नाम रोशन किया है. ऐसे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने, उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने और युवाओं में खेल के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में यह संवाद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.
एनएसएस की जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. काकुली गोराई एवं डॉ. मोहम्मद रिजवान ने जामताड़ा महाविद्यालय का चयन होने को जिले के लिए गौरव की बात बताया. उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री का संवाद सुनने और जिले की खेल प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने की अपील की. आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

