चांडिल: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चांडिल प्रखंड में स्वीकृत दो महत्वपूर्ण सड़क योजनाओं का सोमवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया. दोनों सड़कों के निर्माण पर कुल 3 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और करीब चार किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण होगा.


योजना के तहत बानसा पहाड़पुर से लकरागोड़ा तक 1.80 किलोमीटर सड़क का निर्माण एकरारनामा के अनुसार 1 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा. वहीं एनएच-33 उरमाल से डुंगरीडीह भाया डुबूडीह-हेरेमदा तक 2.3 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 1 करोड़ 71 लाख रुपये खर्च होंगे.

विधायक सविता महतो ने कहा कि दोनों सड़कों के निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे. निर्माण पूरा होने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी. उन्होंने संवेदक को निर्धारित समय सीमा में सड़क निर्माण पूरा करने और कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया.

शिलान्यास कार्यक्रम में विभाग के कनीय अभियंता दिनेश महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईयां, पशुपति महतो, लम्बोदर महतो, बुद्धेश्वर महतो, अरुण महतो, अजीत सिंह मुंडा, अनिल महतो, विनय लोहार, योगेश्वर महतो, विजय कृष्ण महतो, मुखिया भीम सिंह मुंडा, राहुल वर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला- पुरुष मौजूद रहे.

