चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में लचर बिजली व्यवस्था लोगों के लिए लगातार खतरा बनती जा रही है. जर्जर बिजली के तार और खंभों की अनदेखी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ताजा मामला कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 स्थित कलीम राशन दुकान के समीप का है. यहां ट्रांसफार्मर के खंभे में लगे बिजली के तार काफी समय से जर्जर अवस्था में हैं.


स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर खंभे में लगे तार लंबे समय से खराब और जर्जर हैं. इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से तारों की मरम्मत या उन्हें बदलने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई. सोमवार को अचानक चालू लाइन का एक बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया. जिस समय तार सड़क पर गिरा, उस दौरान वहां से एक बच्चा समेत कई राहगीर गुजर रहे थे. गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति बिजली के तार की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया.

चालू बिजली का तार सड़क पर गिरने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तत्काल सावधानी बरतते हुए बच्चों और राहगीरों को तार से दूर किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जर्जर बिजली के तारों का टूटकर सड़क पर गिरना बेहद खतरनाक है. ऐसे में पानी और बिजली के संपर्क में आने से किसी की जान जा सकती है.
स्थानीय नागरिकों के अनुसार कपाली क्षेत्र में बिजली व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है. कहीं बिजली के खंभों पर झाड़ियां चढ़ी हुई हैं, तो कहीं बांस-बल्ली के सहारे बिजली के तार टिके हुए हैं. कई जगहों पर जर्जर तार नीचे तक लटक रहे हैं. इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और विभागीय कर्मी समय रहते इन समस्याओं की सुध नहीं ले रहे हैं.
लोगों ने बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से वार्ड संख्या 5 स्थित कलीम राशन दुकान के समीप लगे ट्रांसफार्मर खंभे और जर्जर बिजली तारों की तत्काल जांच कराने की मांग की है. साथ ही टूटे हुए तार को सुरक्षित तरीके से हटाकर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर बिजली के तारों और खंभों की मरम्मत नहीं की गई, तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है. लोगों ने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

