चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. बारिश के मौसम में बिजली के पोलों पर झाड़ियां और पेड़-पौधे चढ़ जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. इससे शॉर्ट सर्किट, करंट लगने समेत अन्य गंभीर हादसों की आशंका बनी हुई है.


ताजा मामला कपाली के अलबेला गार्डन स्थित इमली चौक के समीप का है. यहां सड़क किनारे लगे बिजली के पोल पर झाड़ियां पूरी तरह चढ़ गई हैं. झाड़ियां बिजली के तारों और पोल के आसपास फैली हुई हैं. बारिश के मौसम में झाड़ियों और पेड़-पौधों में नमी रहने के कारण बिजली के तारों के संपर्क में आने पर शॉर्ट सर्किट या करंट फैलने का खतरा बना रहता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली के पोल और तारों के आसपास उगी झाड़ियों की नियमित रूप से सफाई नहीं कराई जा रही है. खासकर सड़क किनारे और आबादी वाले इलाकों में बिजली के पोलों के आसपास बढ़ रही झाड़ियां राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए खतरा पैदा कर रही हैं.
लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते एहतियाती कदम उठाए जाने चाहिए. बिजली के पोलों और तारों के आसपास उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई कराकर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है.
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से कपाली के अलबेला गार्डन स्थित इमली चौक के समीप लगे बिजली के पोल की जल्द जांच कराने और झाड़ियों को हटाने की मांग की है. साथ ही पूरे कपाली क्षेत्र में बिजली के पोलों और तारों का निरीक्षण कर जहां भी झाड़ियां या पेड़-पौधे बिजली के तारों के आसपास फैले हुए हैं, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाने की मांग की गई है. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी संभावित बड़े हादसे को टाला जा सकता है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

