चांडिल: चौका थाना क्षेत्र के चौका तालाब में रविवार सुबह नहाने के दौरान डूबने से चौका गांव निवासी जितेश कुमार प्रमाणिक उर्फ टिटू (34) की मौत हो गई. बताया गया कि जितेश गांव के चार अन्य युवकों के साथ तालाब में नहा रहा था. इसी दौरान उसका पैर तालाब में मौजूद कमल की डंडी में फंस गया. पैर फंसने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और गहरे पानी में डूब गया.


जितेश के डूबने की जानकारी मिलते ही साथ नहा रहे युवकों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर काफी मशक्कत के बाद जितेश को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद उसे तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, जितेश की मौत से चौका गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार, जितेश मिलनसार स्वभाव का था और उसकी अचानक मौत से पूरा गांव सदमे में है.

