जामताड़ा: मिहिजाम शहर के व्यस्त रिफ्यूजी मार्केट के मुख्य मार्ग पर नाले की बदहाल स्थिति राहगीरों और दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. सड़क के बीच नाला काटे जाने और उसके ढक्कन को व्यवस्थित तरीके से नहीं लगाए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है. बाजार समिति का आरोप है कि काम पूरा किए बिना ही सड़क को इसी स्थिति में छोड़ दिया गया है. इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.


बताया गया कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों द्वारा मुख्य मार्ग पर नाले से संबंधित कार्य किया गया था. कार्य के बाद नाले का ढक्कन बीच सड़क पर उलटा पड़ा हुआ है. इसके कारण राहगीरों को मार्ग पार करने में परेशानी हो रही है. बाजार में भीड़ के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है.
मिहिजाम बाजार समिति के पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने सोशल मीडिया के माध्यम से मामले को सार्वजनिक करते हुए नगर परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि इस अव्यवस्था के कारण अब तक दो लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं. इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि रिफ्यूजी मार्केट शहर का महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुकानदार, ग्राहक और राहगीर पहुंचते हैं. ऐसे में मुख्य मार्ग पर खुले नाले और अव्यवस्थित ढक्कन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
बाजार समिति ने की तत्काल मरम्मत की मांग
बाजार समिति ने नगर परिषद से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नाले की मरम्मत कराने और ढक्कन को सड़क के अनुरूप व्यवस्थित तरीके से लगाने की मांग की है. समिति ने कहा कि मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान किया जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

