चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में ब्राउन शुगर से जुड़े एनडीपीएस मामले में लंबे समय से फरार चल रही आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. न्यायालय के आदेश के आलोक में कपाली ओपी पुलिस ने फरार आरोपी निशा परवीन के बंधुगोड़ा स्थित रामू चौक के समीप आवास पर पहुंचकर ढोल बजवाया और न्यायालय से जारी इश्तिहार चिपकाया.


पुलिस के अनुसार निशा परवीन ब्राउन शुगर से संबंधित एनडीपीएस मामले में लंबे समय से फरार चल रही है. कई प्रयासों के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के बाद न्यायालय से जारी आदेश के आधार पर पुलिस ने इश्तिहार चस्पा करने की कार्रवाई की.
कार्रवाई का नेतृत्व कपाली ओपी की सब- इंस्पेक्टर अनिता सोरेन ने किया. पुलिस बल के साथ आरोपी के घर पहुंची टीम ने ढोल बजवाकर आसपास के लोगों को फरार आरोपी के संबंध में जानकारी दी. इसके बाद मकान पर न्यायालय का इश्तिहार चिपकाया गया.
सार्वजनिक स्थानों पर भी चिपकाया इश्तिहार
कपाली पुलिस ने आरोपी के घर तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी. लोगों तक सूचना पहुंचाने के उद्देश्य से टीओपी चौक और रामू चौक समेत प्रमुख स्थानों पर भी न्यायालय का इश्तिहार चस्पा किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
सब-इंस्पेक्टर अनिता सोरेन ने बताया कि ब्राउन शुगर से जुड़े एनडीपीएस मामले में निशा परवीन फरार चल रही है. न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी के घर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर इश्तिहार चिपकाया गया है. उन्होंने कहा कि फरार आरोपी के खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई भी जारी रहेगी.
फरार आरोपियों पर पुलिस की नजर
कपाली ओपी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और ब्राउन शुगर तस्करी से जुड़े मामलों में आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद फरार रहने वाले आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

