सरायकेला: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.


उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान करना और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचाना है. उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसी भी नागरिक को एक ही काम के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
उन्होंने प्रखंड और अंचल स्तर पर नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने, योजनाओं की लगातार निगरानी करने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा. साथ ही लाभुकों को योजनाओं का लाभ बिना किसी मध्यस्थता के सीधे उपलब्ध कराने तथा राजस्व एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब समाप्त करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सप्ताह में कम से कम एक से दो दिन कार्यालय अवधि में अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र से आने वाले आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
राशन वितरण में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई
आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान गोदाम निर्माण और मरम्मती कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. राशन उठाव से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कर समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया.
राशन वितरण में अनियमितता से संबंधित शिकायतों की नियमानुसार जांच करने और दोषी पाए जाने वाले डीलरों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. साथ ही राशन के स्टॉक का नियमित मिलान सुनिश्चित करने को कहा गया.
स्कूलों में शिक्षा और सुविधाओं पर जोर
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में जर्जर शौचालयों के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्राप्त कर कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया. सभी विद्यार्थियों का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने और बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया.
उपायुक्त ने विद्यालयों में नामांकन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए विशेष अभियान चलाने और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया.
स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया.
रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
उद्योग एवं श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण आवेदन तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.
श्रमिकों के पंजीकरण में तेजी लाने और विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश भी दिया गया.
किसानों को समय पर बीज और कृषि उपकरण देने का निर्देश
कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा में तालाब जीर्णोद्धार तथा योग्य किसानों के बीच कृषि उपकरण और बीज का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया.
मत्स्य पालन के इच्छुक किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और तालाबों की बंदोबस्ती प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. योजनाओं से संबंधित आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर करने और किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से जोड़ने पर भी जोर दिया गया
सतनाला डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी
खेल एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला खेल पदाधिकारी को सतनाला डैम के पर्यटन विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया.
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने के लिए बेंच, नौका विहार समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास की दिशा में काम करने को कहा गया.
पेंशन योजनाओं और जरूरतमंदों पर विशेष ध्यान
सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण विभाग को केंद्र सरकार की पेंशन योजनाओं के लाभुकों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया.
मिशन वात्सल्य योजना की समीक्षा के दौरान एकल और अनाथ बच्चों को चिह्नित कर उन्हें प्रायोजन योजना से जोड़ने को कहा गया.
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अधिक से अधिक आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर स्वावलंबी बनाने तथा ‘लखपति दीदी’ की संख्या बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने का निर्देश दिया गया.
मनरेगा और आवास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
मनरेगा और आवास योजनाओं के तहत स्वीकृत योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा रोजगार सृजन में तेजी लाने को कहा गया.
नगर विकास विभाग को नगर निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत रखने तथा निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया.
गांवों में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
बैठक में रोस्टर के अनुसार हल्का स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया. इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से संबंधित सुविधाएं मौके पर उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को शिविरों से जोड़ने के लिए प्रभावी जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया.
उपायुक्त ने सभी विभागों को सरकारी योजनाओं की जानकारी स्थानीय भाषा में सरल और प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर बैनर, फ्लेक्स और होर्डिंग के साथ सामाजिक माध्यमों, गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और दीवार लेखन जैसे माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल जागरूक लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए. समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजना की जानकारी और उसका लाभ पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
जनगणना कार्य में बेहतर योगदान के लिए अधिकारी सम्मानित
बैठक के अंत में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड की ओर से भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में सराहनीय योगदान के लिए सरायकेला और चांडिल के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिए गए प्रशस्ति-पत्र उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सौंपकर सम्मानित किया.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन शिवम गुप्ता, सिविल सर्जन, जिला पेयजल एवं स्वच्छता पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे.
संपादक: प्रमोद सिंह

