जामताड़ा: श्रावण मास के पावन अवसर पर लीलावती भवन, चंदन लॉज के समीप आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा के तत्वावधान में भव्य रुद्र पूजा सह रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया. धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं और आर्ट ऑफ लिविंग के अनुयायियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.


बेंगलुरु स्थित श्री श्री आश्रम से पहुंचे स्वामी अरुण होडले एवं उनके सहयोगियों ने विधि-विधान के साथ रुद्र पूजा और रुद्राभिषेक संपन्न कराया. पूजा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना की और रुद्राभिषेक में हिस्सा लिया.
आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा की शिक्षिका रेणु पदपात्र और रुन्टी चंद्र ने कहा कि श्रावण मास में प्रकृति स्वयं धरती का अभिषेक करती है. इसी पवित्र भाव के साथ रुद्र पूजा करने से व्यक्ति के जीवन और आसपास के वातावरण में सकारात्मकता एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है. उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के विस्तार का माध्यम बनते हैं.
संस्था के संरक्षक ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि श्रावण मास में श्रद्धा और संकल्प के साथ की गई रुद्र पूजा का विशेष महत्व है. भगवान शिव की आराधना से मन को शांति मिलती है और श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है.
सत्संग में झूम उठे श्रद्धालु
रुद्र पूजा और रुद्राभिषेक के समापन के बाद भव्य सत्संग का आयोजन किया गया. भजन और आध्यात्मिक संगीत के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे. पूरे परिसर में देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा. श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में ओम प्रकाश चौधरी, अजय कुमार चांद, अमित कुमार, शत्रुघ्न यादव, शोमैन पाल, राजेश चौधरी, रुन्टी चंद्र, लीलावती देवी, सुनीता चौधरी, श्रवणी चांद, मंजू राठी और मधु कुमारी सहित आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

