जमशेदपुर: शहर में चोरी और छिनतई की लगातार हो रही घटनाओं के बीच जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एसएसपी एहतेशाम वकारीब के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी और छिनतई के सामान के अलावा 33 मोबाइल फोन और दो चोरी की स्कूटी बरामद की हैं.


पुलिस के अनुसार, एमजीएम अस्पताल के आसपास कुछ अपराधियों के एकत्र होकर चोरी और छिनतई की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने की सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में गठित SIT ने एमजीएम अस्पताल परिसर के समीप घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागुनहातु निवासी तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है.
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, मोटरसाइकिल, स्कूटी और चेन चोरी तथा छिनतई की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपियों की निशानदेही पर एमजीएम थाना क्षेत्र के छह मामलों का खुलासा किया गया है.

बरामद सामान में एक महिला से छीना गया सोने के लॉकेट वाला मोती का हार, एमजीएम अस्पताल से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन, पॉकेटमारी से चोरी की गई नकदी और अस्पताल की पार्किंग से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी शामिल है. इसके अलावा सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड से चोरी की गई यामाहा फासिनो स्कूटी भी पुलिस ने बरामद की है.
33 मोबाइल और आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इनमें आईफोन, वीवो, ओप्पो, रियलमी और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं. इसके अलावा सोने का लॉकेट, चांदी की माला, चांदी की चेन और कान के टॉप समेत कई आभूषण भी जब्त किए गए हैं. वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के साथ दो चोरी की स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है.
पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. विशेष रूप से आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा का नाम पूर्व में चोरी, NDPS और अन्य आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है.
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है. बरामद 33 मोबाइल फोन और अन्य सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

