सरायकेला: फ्लड कंट्रोल सेल आदित्यपुर की ओर से मंगलवार रात 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार खरकाई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 6.45 मीटर ऊपर पहुंच गया है. वहीं गंजिया बराज का जलस्तर खतरे के निशान से करीब दो मीटर नीचे है. जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए बराज के 15 फाटक खोल दिए गए हैं.


स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है. प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से नदी और जलमग्न क्षेत्रों की ओर नहीं जाने की अपील की गई है.
इधर, बढ़ते जलस्तर और बारिश के बीच कुलुपटांगा फीडर के कई हिस्सों में अंधेरा छा गया है. इससे संबंधित इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें. नदी के आसपास रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.

