इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायकेला में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कर्तव्य के प्रति समर्पण और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के लिए आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान को सम्मानित किया गया. वारंटियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया.
वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में रामरेखा पासवान के नेतृत्व में आमदा ओपी पुलिस ने लगातार कार्रवाई की. लंबे समय से फरार और न्यायालय से जारी वारंट वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी. इस अभियान से फरार आरोपियों पर पुलिस का दबाव बढ़ा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान आमदा ओपी की सक्रिय पुलिसिंग और रामरेखा पासवान की कार्यशैली की पहचान के रूप में देखा जा रहा है. उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कानून का राज कायम रखने के लिए पुलिस की सक्रियता और सतर्कता बेहद जरूरी है. वारंटियों की गिरफ्तारी जैसे अभियानों में प्रभावी कार्रवाई करने वाले पुलिस पदाधिकारी अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं.
सम्मान मिलने के बाद रामरेखा पासवान ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का विषय है. पुलिस का मूल दायित्व जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. उन्होंने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता पूरी पुलिस टीम के सामूहिक प्रयास से संभव होती है. यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक तत्परता और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा.