आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 17 में शनिवार को मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया. सेंट्रल पब्लिक स्कूल में विशेष शिविर लगाया गया, जहां वार्ड क्षेत्र के सभी छह बूथों के बीएलओ और पर्यवेक्षक मौजूद रहे.


शिविर में स्थानीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई. पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि जिन युवक-युवतियों या किसी भी उम्र के नागरिकों का किसी कारणवश मतदाता पहचान पत्र नहीं बन पाया है, वे शिविर में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो और आधार कार्ड लेकर शिविर में पहुंचा जा सकता है. नागरिकों की सहायता के लिए बूथ स्तर के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.
पार्षद ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिक अपना मतदाता पहचान पत्र बनवाएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की.

