रांची: छात्र आंदोलन के बीच पिछले 13 दिनों से अनशन कर रहे जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो स्वतंत्रता दिवस के दिन भी अपने संकल्प से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए. सदर अस्पताल के वार्ड से हाथ में तिरंगा लेकर उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम जाकर ध्वजारोहण और तिरंगा यात्रा में शामिल होने की इच्छा जताई. हालांकि, स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें स्टेडियम जाने की अनुमति नहीं दी.



इसके बाद देवेंद्र नाथ महतो अपने समर्थकों के साथ स्टेडियम जाने पर अड़ गए. स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई और उनके कमरे के बाहर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई.

बताया गया कि स्टेडियम जाने को लेकर देवेंद्र नाथ महतो और उनके समर्थकों की पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई. इसी दौरान एक पुलिस जवान के गिरने के बाद स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई. हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए किसी तरह देवेंद्र नाथ महतो और उनके समर्थकों को नियंत्रित किया. धक्का-मुक्की के दौरान देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वापस अस्पताल के बेड पर लिटाकर उपचार शुरू किया गया.

देवेंद्र नाथ महतो ने रांची पुलिस और सदर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ राष्ट्रीय पर्व के दिन तिरंगा फहराने से रोकने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें उनके मौलिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है.

