सरायकेला: राजनगर प्रखंड अंतर्गत बाना गांव में गुरुवार की देर शाम आसमानी बिजली गिरने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया. वहीं, उसकी एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई. घायल व्यक्ति को परिजनों ने तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.



घायल की पहचान उपेंद्र महतो (40) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से हेरमा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में अपने ससुराल बाना गांव में रह रहा है. बताया जाता है कि गुरुवार की देर शाम वह अपनी बकरियों को लाने के लिए खेत की ओर गया था. इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई.
बारिश से बचने के लिए उपेंद्र महतो अपनी बकरियों के साथ पास के एक खाली मकान में चला गया. कुछ देर बाद बारिश थमने पर वह बकरियों को लेकर घर की ओर लौटने लगा. इसी दौरान कुछ दूरी आगे बढ़ते ही तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली जमीन पर गिर गई. इसकी चपेट में आने से उपेंद्र महतो गंभीर रूप से झुलस गया. वहीं, उसके साथ मौजूद एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई.
बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने उपेंद्र महतो को झुलसी हालत में देखा और इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी. परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला ले गए.
बताया गया कि घटना के समय उपेंद्र महतो के साथ कई बकरियां थीं. गनीमत रही कि अन्य बकरियां सुरक्षित बच गईं. हालांकि, एक बकरी की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है.
घटना के बाद बाना गांव में वज्रपात को लेकर दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर रहने के खतरे को सामने ला दिया है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





