सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के अंतिम दिन गुरुवार को ऐतिहासिक भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुल ड्रेस परेड का पूर्वाभ्यास किया गया. पूर्वाभ्यास में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी शामिल हुए.



उपायुक्त ने परेड की सलामी ली और जवानों के कदमताल, अनुशासन तथा परेड की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो, इसके लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं. उन्होंने परेड में अनुशासन, कदमताल और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को अंतिम तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.





