सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड संसाधन केंद्र में बुधवार को पहली बार संकुलवार सभी प्रभारी शिक्षकों की गुरु गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी ने की. बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया.



गोष्ठी में विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सहित विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई. इस दौरान नामांकन, उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, छात्रवृत्ति, यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तक, ई-विद्या वाहिनी, ई-केवाईसी, एसएमसी, शिक्षक बायोमेट्रिक और विद्यार्थियों की उपस्थिति से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा हुई.
बीईईओ संजय कुमार जोशी ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने शिक्षकों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विद्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की जरूरत है. साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया.
बैठक में आगामी शैक्षणिक गतिविधियों, मूल्यांकन, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई. शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, अभिलेखों को अद्यतन रखने और विभागीय निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया.
गोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने अपने विद्यालयों की समस्याओं और सुझावों को भी रखा. बीईईओ ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है.
अधिकारियों के अनुसार अलग-अलग संकुलों में गुरु गोष्ठी का आयोजन 17 अगस्त तक जारी रहेगा. बैठक में बीईईओ संजय कुमार जोशी, बीपीओ मिहीर कुमार दास, लेखापाल कृष्णा मोहन महतो, सीआरपी राजेश प्रधान, कलेंदर प्रधान, सुधीर महतो, तिलक प्रसाद महतो, पंचु मार्डी, अरविंद सिंह, चमर सिंह मुंडा, गोपाल चंद्र पाल, यदुनाथ मुंडा सहित सभी प्रभारी शिक्षक- शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.





