सरायकेला: जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सोरों में अवैध रूप से भंडारित करीब 3.50 लाख सीएफटी बालू जब्त किया गया.



जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथि के नेतृत्व में खान निरीक्षक की टीम ने सोड़ो क्षेत्र में छापेमारी की. जांच के दौरान बड़े पैमाने पर बालू का अवैध भंडारण पाया गया, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए पूरे बालू को जब्त कर लिया. जब्त बालू को आवश्यक कार्रवाई के लिए इचागढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत भंडारण-परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी, औचक निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.





