सरायकेला: जिले के राजनगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू लोहार, पिता गंगा लोहार, निवासी सिनी, थाना राजनगर, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में हुई है.


पुलिस के अनुसार राजू लोहार वर्ष 2009 से फरार चल रहा था. वह राजनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक लूटकांड में स्थायी वारंटी के रूप में वांछित था. इसके अलावा चाईबासा मुफस्सिल थाना में दर्ज एक मामले में भी पुलिस को उसकी तलाश थी.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार आरोपी संभावित ठिकाने पर मौजूद है. सूचना के आधार पर राजनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और राजू लोहार को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. करीब 15 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी को राजनगर पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. न्यायालय से जारी वारंट का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा ऐसे आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे अन्य वारंटियों में भी हड़कंप की स्थिति है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

