कुचाई: प्रखंड क्षेत्र के रूगुडीह पंचायत अंतर्गत रूगुडीह गांव के टोला मुरूमडीह में रविवार की आधी रात बड़ा हादसा होते- होते टल गया. गांव निवासी डोली मुंडा और नंदीमनी सोय के घर पर अचानक विशाल ईमली का पेड़ गिर पड़ा. घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे. पेड़ गिरने की तेज आवाज से आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, सौभाग्य से घटना में किसी की जान नहीं गई और परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए.


बताया गया कि रविवार देर रात पुराना और विशाल ईमली का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सीधे घर पर जा गिरा. पेड़ के गिरने से घर की छत और दीवारों को काफी नुकसान पहुंचा. घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कई घरेलू सामान भी टूट गए.

पेड़ गिरने की जोरदार आवाज सुनकर घर में सो रहे परिवार के सदस्य घबरा गए और तत्काल बाहर निकल आए. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
घटना की सूचना पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडा को दी गई. ग्रामीणों ने बताया कि यदि पेड़ घर के बीच वाले हिस्से पर गिरता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी. परिवार के सदस्यों ने बताया कि घर क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश के मौसम में उनके सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है.
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाने का प्रयास शुरू किया. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार के लिए क्षतिग्रस्त घर की मरम्मत कराना आसान नहीं है. ऐसे में प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.
फिलहाल घटना में किसी के हताहत नहीं होने से परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने तथा क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत और पुनर्निर्माण में सहयोग की मांग की है.

